यूपी में भीषण गर्मी के बीच शिक्षकों की बड़ी मांग, 30 जून तक बढ़े ग्रीष्मकालीन अवकाश

UP Heatwave News: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए शिक्षकों ने ग्रीष्मकालीन अवकाश को 30 जून तक बढ़ाने की मांग उठाई है। इस संबंध में प्राथमिक एवं उच्च/पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर विद्यार्थियों और शिक्षकों के हित में अवकाश बढ़ाने का अनुरोध किया है।

शिक्षकों का कहना है कि प्रदेश इस समय प्रचंड गर्मी और हीटवेव की चपेट में है। ऐसे हालात में छोटे बच्चों को विद्यालय बुलाना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है। बढ़ते तापमान के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ गया है। इसलिए विद्यालयों को फिलहाल बंद रखा जाना चाहिए।

पत्र में शिक्षकों ने अपनी समस्याओं का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि हाल ही में जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को उन्होंने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ समय से पहले पूरा किया है। लगातार मानसिक और शारीरिक परिश्रम के कारण कई शिक्षक अत्यधिक थकान और तनाव का सामना कर रहे हैं।

इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक अपने गृह जनपद से दूर तैनात हैं। ऐसे में पर्याप्त विश्राम के बिना उन्हें पुनः शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में लगाना व्यावहारिक नहीं होगा। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और शिक्षकों के योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक बढ़ाया जाए।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में गर्मी और लू के बने रहने की संभावना जताई है। हालांकि, फिलहाल सरकार या प्रशासन की ओर से इस मांग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp Channel Join
Home
शिक्षा विभाग
GK सवाल
नौकरी