जौनपुर। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए जिला प्रशासन ने परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जौनपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 16 जून 2026 से जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं अग्रिम आदेश तक सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित की जाएंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय नियमित शैक्षणिक कार्य के लिए खुल रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और हित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के कारण बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए विद्यालयों का समय परिवर्तित किया गया है।
आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही इस आदेश की सूचना संबंधित विभागों और समाचार पत्रों को भी भेजी गई है, ताकि आमजन को इसकी जानकारी मिल सके।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था 16 जून 2026 से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।





