जनगणना-2027 का पहला चरण पूरा: 12.14 लाख मकानों और 71 लाख से अधिक लोगों का हुआ सर्वे, अब फरवरी में होगा दूसरा चरण

प्रयागराज। जनगणना-2027 के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस दौरान 12.14 लाख मकानों का सर्वे किया गया, जिनमें रहने वाले लगभग 71.18 लाख लोगों का आंकलन किया गया। प्रशासन अब जिला जनगणना हस्त पुस्तिका तैयार करने की दिशा में काम शुरू करने जा रहा है, जबकि जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में प्रस्तावित है।

प्रथम चरण के दौरान मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और परिवारों से जुड़ी कुल 33 प्रकार की जानकारियां एकत्र की गईं। इस बार जनगणना प्रक्रिया को बड़े स्तर पर डिजिटल माध्यम से संचालित किया गया, जिसमें मोबाइल ऐप और सेल्फ एन्यूमरेशन जैसी सुविधाओं का भी उपयोग किया गया।

17 हजार बंद मकानों को भी किया गया सूचीबद्ध

22 मई से 20 जून तक चले इस अभियान में जिले के 12.14 लाख मकानों का विवरण दर्ज किया गया। इसके अलावा करीब 17 हजार बंद मकानों को भी सूचीबद्ध किया गया। हाउस लिस्टिंग ब्लॉक और हाउस सेंसस के माध्यम से मकानों और उनमें रहने वाले लोगों की जानकारी संकलित की गई।

15 हजार प्रगणकों ने संभाली जिम्मेदारी

जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए जिले में 25 चार्ज क्षेत्र बनाए गए थे। इनमें नगर निगम, तहसील, नगर पंचायत और छावनी परिषद क्षेत्र शामिल रहे। पूरे जिले में 11,361 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए, जहां करीब 15 हजार प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने सर्वेक्षण कार्य किया।

एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह को जिला जनगणना अधिकारी तथा नगर आयुक्त साईं तेजा को अपर मुख्य जनगणना अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

तैयार होगी जिला जनगणना हस्त पुस्तिका

प्रथम चरण पूरा होने के बाद अब जिला प्रशासन जिला जनगणना हस्त पुस्तिका तैयार करेगा। इसके लिए अलग से स्टाफ की नियुक्ति और प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।

इस पुस्तिका में जिले की पेयजल व्यवस्था, सड़क, नाली, शौचालय, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ा विस्तृत डेटा संकलित किया जाएगा, जो भविष्य की विकास योजनाओं के लिए आधार बनेगा।

फरवरी 2027 में शुरू होगा दूसरा चरण

जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होने की संभावना है। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक, आर्थिक और जातीय जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके बाद जिले और प्रदेश की वास्तविक जनसंख्या एवं सामाजिक संरचना की विस्तृत तस्वीर सामने आएगी।

प्रथम चरण की सफलता के बाद अब प्रशासन की निगाहें दूसरे चरण की तैयारियों और जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के प्रकाशन पर टिकी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp Channel Join
Home
शिक्षा विभाग
GK सवाल
Search